गंदे पानी को लेकर भाजपा ने सीपी में किया प्रदर्शन

 


गंदे पानी को लेकर भाजपा ने सीपी में किया प्रदर्शन


नई दिल्ली। गंदे पानी को लेकर प्रदेश भाजपा अनुसुचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कनॉट प्लेस स्थित पालिका बाजार में विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अनुसुचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने किया। प्रदर्शनकारियों को प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने संबोधित किया। कहा कि दिल्ली के पानी की चर्चा आज पूरे देश में है क्योंकि पानी पर यदि किसी जगह राजनीति की जा रही है तो वह दिल्ली है। दिल्ली सरकार जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। वायु प्रदूषण, दूषित पानी से जनता परेशान है। आम आदमी पार्टी लोगों के बीच झूठ का प्रचार-प्रसार कर मुफ्त योजनाओं की आड़ में दूषित पानी के मुद्दे को ढकने की कोशिश कर रही है।


 

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालने के साथ ही शुद्ध जल देने का वादा किया था। अचानक से अब यह कहने लगे हैं कि 2024 तक सभी घरों में नल से जल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री केवल झूठ बोल रहे हैं। मोहन लाल गिहारा ने कहा कि दूषित पानी पीने से जलजनित बीमारियां फैल रही हैं। सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए।